Skip to content Skip to sidebar Skip to footer

IND vs ZIM: टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने चेन्नई में मचाई तबाही, जिम्बाब्वे का हाल किया बेहाल; पारी में बनाए 10 अविश्वसनीय रिकॉर्ड

IND vs ZIM

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 48वां और सुपर-8 राउंड का आठवां मुकाबला गत विजेता भारत और जिम्बाब्वे (IND vs ZIM) के बीच खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने 72 रनों से बड़ी जीत हासिल की। यह मुकाबला चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में हो रहा है। इस मैच से पहले भारतीय बल्लेबाजों की फॉर्म को लेकर काफी सवाल उठ रहे थे लेकिन अब सभी को जवाब मिल गया, क्योंकि टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 20 ओवर में 256/4 का रिकॉर्ड टोटल बनाया। 

IND vs ZIM मुकाबले में संजू सैमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ दिलाई तूफानी शुरुआत

टॉस जीतने के बाद, जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने IND vs ZIM पहले गेंदबाजी का फैसला किया लेकिन वापसी कर रहे ओपनर संजू सैमसन आक्रामक मूड में नजर आए और उन्होंने छक्के के साथ खाता खोलकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। अगले ओवर में भी संजू ने दो बड़े शॉट खेले। हालांकि, वो ज्यादा देर नहीं टिक पाए और फिर तेजी से रन बनाने के प्रयास में ही अपना विकेट गंवा बैठे। संजू ने 15 गेंदों में 24 रन बनाए लेकिन अपने जोड़ीदार अभिषेक शर्मा के साथ 3.4 ओवर में 48 रन जोड़ गए, जो इस टी20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी भी रही। 

अभिषेक का पहला पचासा, ईशान ने भी किया कमाल 

अभिषेक शर्मा ने IND vs ZIM मुकाबले में पुरानी लय में दिखे (Photo Credit: X/@BCCI)

संजू सैमसन के आउट होने के बाद, नंबर 3 पर ईशान किशन आए। उनके साथ अभिषेक शर्मा ने पारी को आगे का बढ़ाने का काम किया और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की हालत खराब कर दी। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 72 रन जोड़े। इस दौरान अभिषेक का बल्ला पुराने रंग में कुछ हद तक नजर आया। उन्होंने टूर्नामेंट में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया लेकिन फिर 30 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हो गए। ईशान से ओपनिंग स्पॉट छीन लिया गया लेकिन उनकी फॉर्म बरकरार रही। उन्होंने बहुत बड़ी तो नहीं लेकिन 24 गेंदों में 38 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। 

हार्दिक का तूफानी पचासा, सूर्यकुमार और तिलक ने भी की चौके-छक्कों की बारिश

IND vs ZIM मैच में टॉप ऑर्डर के द्वारा दी गई जबरदस्त शुरुआत को कायम रखने का काम हार्दिक पांड्या के साथ कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने बखूबी किया। हार्दिक ने जबरदस्त पारी खेली और 23 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए, जिसमें दो चौके और चार छक्के भी शामिल रहे। सूर्यकुमार ने 13 गेंदों में 33 रनों की धुआंधार पारी खेली। वहीं, अभी तक धीमी बल्लेबाजी के कारण आलोचना झेलने वाले तिलक वर्मा ने नए बल्लेबाजी क्रम पर कमाल कर दिया और 16 गेंदों में 275 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 44 रनों की पारी खेली। 

IND vs ZIM मुकाबले में जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की हालत हुई खराब 

टीम इंडिया के बल्लेबाजों के जबरदस्त प्रदर्शन के कारण मुकाबले (IND vs ZIM) में जिम्बाब्वे के कई गेंदबाज काफी महंगे रहे। सबसे महंगा स्पेल रिचर्ड नगारवा ने डाला, जिन्होंने चार ओवर में 62 रन देकर एक विकेट हासिल किया। वहीं, ब्रांड इवांस ने चार ओवर में 52 रन लुटाए। कप्तान सिकंदर रजा काफी किफायती रहे, जिन्होंने तीन ओवर में 29 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। 

IND vs ZIM मुकाबले में भारतीय पारी के दौरान बने टॉप 10 रिकॉर्ड

चेन्नई में IND vs ZIM मैच के दौरान भारतीय बल्लेबाज पूरी रंग में दिखे, इसी वजह से कई जबरदस्त रिकॉर्ड बने। आइए नजर डालते हैं भारतीय पारी के दौरान बने टॉप 10 रिकॉर्ड पर:

1. जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत ने 256/4 का स्कोर बनाया, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा और टीम इंडिया का टूर्नामेंट में सबसे बड़ा टोटल है। 

2. जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय पारी में कुल 17 छक्के लगे, जो टी20 वर्ल्ड कप में उसके द्वारा सर्वाधिक हैं। इससे पहले 2024 के संस्करण में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 15 छक्के लगाए थे।

3. भारत ने इस वर्ल्ड कप में अब तक 63 छक्के लगाए हैं – जो टूर्नामेंट के किसी एक संस्करण में उनके द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। 2024 के संस्करण में टीम इंडिया ने 61 छक्के लगाए थे।

4. जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के सभी छह बल्लेबाजों ने 20 या उससे ज्यादा रन 150 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। टी20 वर्ल्ड कप में एक पारी के दौरान यह कारनामा पहली बार हुआ है।

5. भारत की पारी में सिर्फ 26 डॉट बॉल खेली गईं, जो टी20 वर्ल्ड कप में 20 ओवर की पूरी पारी में संयुक्त रूप से सबसे कम है। दक्षिण अफ्रीका ने भी 2016 में वानखेड़े में इंग्लैंड के खिलाफ 26 डॉट बॉल खेली थीं।

6. हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने 31 गेंदों में 16.25 के रन रेट से 84* रनों की साझेदारी की, जो टी20 वर्ल्ड कप में सनथ जयसूर्या और महेला जयवर्धने के द्वारा 2007 में 29 गेंदों में 18 के रन रेट से 87 रनों की पार्टनरशिप के बाद, दूसरी सबसे तेज है।

7. जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई में अभिषेक शर्मा ने 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, यह टी20 में उनकी दूसरी सबसे धीमी फिफ्टी है। उनका सबसे धीमा अर्धशतक भी जिम्बाब्वे के खिलाफ ही आया था, जो उन्होंने 2024 में 33 गेंदों में बनाया था।

8. भारत ने सिर्फ 9.1 ओवर में अपनी पारी के दौरान 100 रन पूरे किए, जो टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के लिए तीसरे सबसे तेज हैं।

9. जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत ने पहले 6 ओवर में 80/1 का स्कोर बनाया, जो टी20 वर्ल्ड कप में उसका तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है।

10. टिनोटेंडा मापोसा द्वारा दिए गए 23 रन, टी20 वर्ल्ड कप में किसी भी गेंदबाज द्वारा पहले ओवर में दिए गए दूसरे सबसे अधिक रन हैं। इस मामले में सबसे आगे स्टीव टिकोलो हैं, जिन्होंने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में जोहान्सबर्ग में श्रीलंका के खिलाफ 25 रन खर्च किए थे।

Leave a comment

Khel Kood is your go-to destination for all things sports. Stay updated with the latest scores, news, and insights from cricket, football, and more.

Office

KhelKood Head Office, Sector 62, Noida, Uttar Pradesh

Newsletter

KHELKOOD © 2026. All rights reserved.