वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में टीम इंडिया की जीत के बाद, हर तरफ Sanju Samson की चर्चा हो रही है। भारत को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए हर हाल में वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत चाहिए थी और ऐसा ही हुआ। टीम इंडिया ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए मैदान में बेहतरीन प्रदर्शन किया और 5 विकेट से जीत दर्ज की। मैच में पहले खेलते हुए वेस्टइंडीज ने 195/4 का स्कोर बनाया, जवाब में भारत ने 199/5 का स्कोर बनाया।
भारत को लक्ष्य तक पहुंचाने में Sanju Samson की अहम भूमिका रही, जिन्होंने 50 गेंदों में नाबाद 97 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और चार छक्के शामिल रहे। हालांकि, इस मुकाबले से पहले संजू की बल्लेबाजी फॉर्म खास नहीं थी, जिसके कारण उन्हें टूर्नामेंट की शुरुआत में मुख्य ओपनर के रूप में नहीं खिलाया गया तह। हालांकि, फिर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनकी वापसी हुई और उन्होंने 15 गेंदों में 24 रन बनाकर लय में होने के संकेत दिए। इसके बाद, वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने अपने दम पर मैच में भारत को जीत दिला दी।
खराब फॉर्म के दौरान Sanju Samson ने किया ये खास काम

Sanju Samson का करियर अब तक काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। एशिया कप 2025 के पहले तक वो नियमित रूप से सबसे छोटे फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए ओपन कर रहे थे लेकिन फिर शुभमन गिल की वापसी हुई और संजू को अपना स्पॉट गंवाना पड़ा। इसके बाद, सैमसन को मध्यक्रम में खिलाया गया लेकिन वहां उनका बल्ला नहीं चला। इसी वजह से उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के अंत में प्लेइंग 11 से ड्रॉप कर दिया गया था और जितेश शर्मा को विकेटकीपर के रूप में खिलाया जा रहा था।
हालांकि, फिर गिल की खराब फॉर्म से Sanju Samson को दोबारा ओपनर के रूप में खिलाया गया लेकिन न्यूजीलैंड टी20 सीरीज में वो पूरी तरह फ्लॉप रहे और इसी वजह से टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा के साथ ईशान किशन को बतौर ओपनर मौका दिया गया। हालांकि, जब भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 में हार मिली, इसके बाद संजू की वापसी हुई और उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ ओपन कराया गया इस मैच में संजू ने तेज शुरुआत की लेकिन फिर आउट हो गए। फिर उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ मौका नहीं गंवाया और एक धमाकेदार पारी खेली।
अब Sanju Samson ने बताया है कि जब उनका खराब दौर चल रहा था तो उन्होंने अपना फोन स्विच ऑफ कर दिया था और सोशल मीडिया से भी दूरी बना ली थी, ताकि उन्हें अपनी काबिलियत पर संदेह न हो।
वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रनों की पारी के बाद Sanju Samson का बड़ा खुलासा

भारत की वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत के बाद, ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट से बात करते हुए, Sanju Samson ने कहा,
“शॉट सिलेक्शन एक ऐसी चीज थी जिस पर मैं लगातार काम करता रहा। मैं ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहता था क्योंकि मुझे पता था कि मैंने उसी सेटअप के साथ पहले भी परफॉर्म किया है, इसलिए मैंने खुद पर भरोसा बनाए रखा, अपना फोन बंद कर दिया, सोशल मीडिया बंद कर दिया और अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनी। मुझे बहुत खुशी है कि यह एक बहुत ही खास गेम में हुआ।”
रन चेज के दौरान काफी हद तक Sanju Samson अकेले ही मोर्चा संभालते दिखे। उन्होंने बताया कि लगातार विकेट गिरने से लक्ष्य मुश्किल हो गया था। संजू ने कहा,
“यह एक मुश्किल रन चेज था। हमारी बल्लेबाजी की ताकत को देखते हुए, मुझे लगा कि ईडन गार्डन्स में ओस पड़ने पर 190 रन के लक्ष्य का पीछा करना थोड़ा आसान हो जाता है, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से यह चुनौतीपूर्ण हो गया।”
संजू सैमसन ने खराब फॉर्म को लेकर कही ये बात

जैसा कि हमने बताया, वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच जिताऊ पारी से पहले Sanju Samson का खराब दौर काफी लंबा चला। न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के दौरान उनके बल्ले से एक भी बड़ी पारी नहीं आई थी। संजू ने बताया कि उन्होंने खराब फॉर्म से निपटने के लिए क्या किया। उन्होंने कहा,
“इंसान हमेशा नकारात्मक सोच से शुरुआत करता है, जैसे, ‘क्या मैं यह कर सकता हूं? मुझे नहीं लगता कि मैं कर सकता हूं।’ जब मेरे मन में ऐसा विचार आता है, तो मैं उसे सकारात्मक सोच में बदलने की कोशिश करता होऊं। न्यूजीलैंड जैसी सीरीज में, जहां मैं अच्छा प्रदर्शन करना चाहता था और वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा बनना चाहता था, चीजें ठीक नहीं रहीं, लेकिन सौभाग्य से मुझे 10 दिन का अंतराल मिल गया।
मैंने कोई मैच नहीं खेला और मैं टीम में नहीं था। मैं सोचता रहा, ‘संजू, और क्या? यह काम क्यों नहीं किया? मुझे और क्या करना चाहिए?’ इसलिए मैंने आत्ममंथन किया। मैंने बेसिक चीजों पर काम किया, अपनी बल्लेबाजी की तैयारी पर ध्यान दिया और फिर से उसी पर लौट आया। बहुत से लोगों ने सुझाव दिए और मैंने कई महत्वपूर्ण बातें देखीं, लेकिन फिर मुझे अहसास हुआ कि इन्हीं सब की वजह से मैंने तीन टी20आई शतक बनाए हैं।”

