Abhishek Sharma Slogger: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच ग्रुप स्टेज के दौरान टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा को पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने ‘स्लॉगर’ कह दिया था। आमिर की यह बात भारतीय फैंस को रास नहीं आई और उन्होंने पाकिस्तानी दिग्गज को फटकार लगाई थी। इसके बाद, आमिर ने सफाई भी दी थी और कहा था कि उन्होंने बस भारतीय बल्लेबाज की तकनीक को लेकर बात की थी।
मोहम्मद आमिर के अभिषेक शर्मा को स्लॉगर कहने वाले कमेंट पर अश्विन ने किया रिएक्ट
हालांकि, मोहम्मद आमिर के सफाई देने के बावजूद अभी तक उनके स्लॉगर वाले कमेंट को लेकर चर्चा जारी है और इसमें रविचंद्रन अश्विन ने भी अपनी प्रतिकिया दी है, जो अपने यूट्यूब चैनल पर क्रिकेट से जुड़े ट्रेंडिंग मुद्दों पर राय देते हैं। पूर्व भारतीय स्पिनर की प्रतिक्रिया Abhishek Sharma की जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रनों की पारी के बाद आई है। इस पारी से पहले बाएं हाथ के ओपनर ने शुरूआती तीन मैचों में डक बनाया था और फिर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 15 रन बनाकर आउट हो गए थे।
अश्विन ने Abhishek Sharma को सिर्फ स्लॉगर मानने से किया इनकार

अपने यूट्यूब चैनल ‘Ash Ki Baat’ की बात पर रविचंद्रन अश्विन ने मोहम्मद आमिर के Abhishek Sharma को स्लॉगर कहने वाले कमेंट का जिक्र किया। इसके बाद, अश्विन ने कहा कि अभिषेक के गेम के बारे में आप कुछ भी कह सकते हैं लेकिन वो सिर्फ स्लॉगर हैं, यह कहना ठीक नहीं है। अश्विन ने कहा:
“मोहम्मद आमिर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अभिषेक शर्मा को ‘स्लॉगर’ कहा है। मैं बस एक बात स्पष्ट करना चाहता हूं, आप उनके खेल के बारे में कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन वह ‘स्लॉगर’ नहीं हैं। आज के समय में उनका बैट स्विंग सबसे बेहतरीन में से एक हैं।”
Abhishek Sharma को युवराज सिंह से अश्विन ने इस मामले में बताया बेहतर

अश्विन ने अपनी बात को समझाते हुए, Abhishek Sharma के गुरु युवराज सिंह का जिक्र किया, जो टीम इंडिया के सबसे बड़े मैच विनर्स में से एक के रूप में याद किए जाते हैं और उनका बैट स्विंग कमाल का था। भारतीय दिग्गज का मानना है कि अभिषेक का बैट स्विंग अपने गुरु से भी बेहतर है। उन्होंने आगे कहा,
“हम सभी जानते हैं कि अभिषेक के मेंटर युवराज सिंह हैं। शायद उनका बैट स्विंग उनसे भी बेहतर है। इससे बेहतर बैट स्विंग तो हो ही नहीं सकता। जब भी अभिषेक गेंद को हिट करते हैं, वह बहुत दूर जाती है। इसलिए लोग उन्हें स्लॉगर समझ लेते हैं। अभिषेक की एक ही गलती रही है कि वे हर गेंद पर आक्रामक शॉट लगाते हैं।”
बता दें कि मोहम्मद आमिर का कमेंट उस समय आया था, जब Abhishek Sharma शुरूआती मैचों में संघर्ष कर रहे थे और उनका खाता नहीं खुल रहा था। आमिर ने कहा था कि अभिषेक के पास सीधी गेंद को रोकने की तकनीक नहीं है और कोई भी अच्छा गेंदबाज उन्हें आउट कर सकता है। हालांकि, इसके बाद हाल ही में आमिर ने अपनी टिप्पणी को गेंदबाज का नजरिया बताया था और कहा था कि उनका इरादा ऐसा बिलकुल भी नहीं था कि उनके कमेंट से किसी को बुरा लगे।
मोहम्मद आमिर ने Abhishek Sharma को दी थी खास सलाह
मोहम्मद आमिर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभिषेक शर्मा की 15 रनों की पारी की भी तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि लगातार तीन बार डक पर आउट होने के बावजूद अभिषेक ने अपने इंटेंट से समझौता नहीं किया और दिलेरी दिखाई। हालांकि, आमिर ने उन्हें सलाह दी थी कि वो थोड़ा सा धैर्य रखें, क्योंकि इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी बल्लेबाजी तकनीक की पोल खुल सकती है। इसी वजह से उन्हें धैर्य के साथ खेलना चाहिए और फिर अपनी पावर गेम दिखानी चाहिए।

