Skip to content Skip to sidebar Skip to footer

India vs Zimbabwe: भारत की जिम्बाब्वे के खिलाफ 72 रनों से जीत, सेमीफाइनल की रेस हुई रोचक

India vs Zimbabwe

India vs Zimbabwe Match Report: भारत का सुपर-8 के अपने दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे से सामना हुआ, जो 2002 के बाद पहली बार भारतीय सरजमीं पर टीम इंडिया का सामना कर रही थी। इस मैच में उम्मीद के मुताबिक वही हुआ, जिसकी भारत से थी। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए टीम इंडिया को बड़ी जीत की दरकार थी और सूर्यकुमार यादव की टीम ने आसानी के साथ ऐसा करते हुए जिम्बाब्वे को 72 रनों से रौंद दिया। इस हार से जिम्बावे की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।

चेन्नई में खेले गए India vs Zimbabwe मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 256/4 का स्कोर बनाया, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में उसका सबसे बड़ा टोटल भी है। 257 के विशाल टारगेट के सामने जिम्बाब्वे ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन फिर भी टीम काफी पीछे रह गई और पूरे ओवर खेलकर 184/6 का ही स्कोर बना पाई।

India vs Zimbabwe मैच में भारत की ताबड़तोड़ शुरुआत

India vs Zimbabwe मैच में संजू सैमसन ने तेजतर्रार पारी खेली (Photo Credit: X/@BCCI)

टॉस हारने के बाद, टीम इंडिया को India vs Zimbabwe मैच में पहले बल्लेबाजी का मौका मिला। इस दौरान टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी में बदलाव दिखा और अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन पारी की शुरुआत के लिए उतरे। संजू ने दूसरी ही गेंद पर जबरदस्त छक्का लगाकर भारत की पारी का शंखनाद कर दिया। इसके बाद, अभिषेक भी रंग में नजर आए। इन दोनों ने 48 रनों की साझेदारी की लेकिन फिर चौथे ओवर में संजू बड़े शॉट के प्रयास में कैच आउट हो गए और उन्हें 15 गेंदों में 24 रन बनाकर पवेलियन लौटना पड़ा। 

अभिषेक-ईशान की जोड़ी ने भारत के स्कोर को पहुंचाया 100 के पार

चौथे ओवर में ईशान किशन की एंट्री हुई, जो अभी तक बतौर ओपनर खेल रहे थे लेकिन इस मुकाबले में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आए। अभिषेक और ईशान की जोड़ी ने भी बेहतरीन साझेदारी की और जिम्बाब्वे को वापसी का मौका नहीं दिया। इन दोनों ने देखते ही देखते स्कोर को 100 के पार पहुंचा दिया। इस दौरान अभिषेक ने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा किया, जो उनके टी20 करियर का दूसरा सबसे धीमा पचासा रहा। 

ईशान काफी अच्छी लय में लग रहे थे और कुछ खूबसूरत शॉट खेले लेकिन फिर वो 38 के निजी स्कोर पर 11वें ओवर में 120 के स्कोर पर आउट हो गए, जिसकी वजह से 72 रनों की साझेदारी का अंत हुआ। फिफ्टी पूरी करने के बाद अभिषेक भी ज्यादा देर अपना जलवा नहीं दिखा पाए और 30 गेंदों में 55 रन बनाकर 150 के स्कोर पर आउट हुए। इस तरह भारत को India vs Zimbabwe मुकाबले में अपना तीसरा विकेट गंवाना पड़ा।  

हार्दिक, सूर्या और तिलक की मदद से भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में बनाया अपना सबसे बड़ा टोटल 

India vs Zimbabwe मैच में शॉट खेलते हुए भारतीय कप्तान (Photo Credit: X/@BCCI)

टॉप ऑर्डर ने जिस तरह की शुरुआत दी, उससे मध्यक्रम का काम आसान हो गया और बाद के बल्लेबाजों ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की हालत खराब कर दी। इस दौरान हार्दिक पांड्या ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उनके बल्ले से 23 गेंदों में 50 रनों की नाबाद पारी आई, जिसमें दो चौके और चार बेहतरीन छक्के शामिल रहे। तिलक वर्मा ने भी अपने आलोचकों को जवाब दिया और महज 16 गेंदों में 44 रन बनाकर नाबाद लौटे। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी रंग में नजर आए और उन्होंने 13 गेंदों में 33 रनों का योगदान दिया। 

India vs Zimbabwe मुकाबले में जिम्बाब्वे के गेंदबाज साबित हुए काफी महंगे 

टीम इंडिया के लिए बल्लेबाजी करने सभी छह बल्लेबाजों ने 20 या उससे ज्यादा रन बनाए और इस दौरान 150 प्लस के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। यही कारण है कि जिम्बाब्वे के दो गेंदबाजों ने फिफ्टी प्लस रन दिए, जिसमें रिचर्ड नगारवा ने चार ओवर में एक विकेट लेकर 62 रन लुटाए। वहीं, ब्रैड इवांस ने भी 52 रन खर्च किए, हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। विकेट लेने वाले गेंदबाजों में नगारवा के अलावा ब्लेसिंग मुजराबानी, टिनोटेंडा मापोसा और कप्तान सिकंदर रजा शामिल रहे। इन सभी को एक-एक विकेट मिला। 

जिम्बाबे की मजबूत शुरुआत 

India vs Zimbabwe मुकाबले से पहले जिम्बाब्वे की बल्लेबाजों को भारतीय गेंदबाजों के सामने कमजोर माना जा रहा था लेकिन दोनों ओपनर ने पावरप्ले में भारत को एक भी विकेट नहीं दिया। ब्रयान बेनेट और तादिवानाशे मारुमानी की जोड़ी ने भारतीय गेंदबाओं का डटकर सामने किया, जिसके कारण जिम्बाब्वे ने पहले छह ओवर में बिना कोई विकेट खोए 44 रन बनाए। 

हालांकि, पावरप्ले खत्म होते ही जिम्बाब्वे ने दो विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए। सबसे पहले मारुमानी आउट हुए, जिन्होंने 20 गेंदों में 20 रन बनाए। इसके बाद, नंबर 3 पर आए डिओन मायर्स भी 6 रन बनाकर चलते बने। 

ब्रायन बेनेट और सिकंदर रजा की जोड़ी ने भारत की बढ़ाई मुश्किलें 

India vs Zimbabwe मैच में शॉट खेलते हुए ब्रायन बेनेट (Photo Credit: X/@ZimCricketv)

India vs Zimbabwe मैच में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे का 10वें ओवर में 72 के स्कोर पर दूसरा विकेट हासिल कर लिया था। यहां से उम्मीद थी कि भारत आसानी से मैच अपने पक्ष में कर लेगा लेकिन ओपनर ब्रायन बेनेट और सिकंदर रजा की जोड़ी ने हार नहीं मानी और दोनों ने काउंटर अटैक किया। बेनेट और रजा की जोड़ी ने 42 गेंदों में 72 रनों की साझेदारी करते हुए 17वें ओवर में स्कोर को 144 तक पहुंचा दिया। इसी ओवर में रजा आउट हो गए और भारत को चौथी सफलता मिल गई। जिम्बाब्वे के कप्तान ने 21 गेंदों में 31 रन बनाए।   

शतक से चूके ब्रायन बेनेट, जीता दिल 

जिम्बाब्वे के अन्य बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और एक के बाद एक विकेट गिरते रहे। हालांकि, ब्रायन बेनेट ने आखिरी तक मोर्चा संभाला लेकिन वो ऐतिहासिक शतक से चूक गए। बेअन्यनेट ने 59 गेंदों में 97 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें आठ चौके और छह छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की काफी समय तक चर्चा होगी। बेनेट का साथ देने आए तीनों ही बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए और जिम्बाब्वे की पारी 200 रनों का स्कोर हासिल किए बिना ही समाप्त हो गई।

अर्शदीप सिंह रहे भारत के सबसे सफल गेंदबाज 

India vs Zimbabwe मैच में अपील करते हुए अर्शदीप सिंह (Photo Credit: X/@BCCI)

India vs Zimbabwe मुकाबले में जिम्बाब्वे की पारी में भारत को छह विकेट ही मिले, जिसमें से तीन अर्शदीप सिंह के खाते में आए। अर्शदीप ने चार ओवर का स्पेल डाला और 24 रन ही खर्च किए। इसके अलावा, वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे को भी एक-एक विकेट मिला। 

सेमीफाइनल के लिहाज से IND vs WI मुकाबला हुआ अहम 

जिम्बाबे के खिलाफ बड़ी जीत से भारत के खाते में 2 अंक आ गए लेकिन नेट रन रेट अभी भी माइनस में है। टीम इंडिया का दो मैच के बाद NRR -0.100 है और वो तीसरे स्थान पर है। सुपर-8 के ग्रुप X से दक्षिण अफ्रीका ने दो मैचों में दो धमाकेदार जीत से सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। अब एक स्थान के लिए भारत और वेस्टइंडीज के बीच टक्कर है, क्योंकि जिम्बाब्वे भी बाहर हो गया है।

ऐसे में 1 मार्च को कोलकता में होने वाला मुकाबला यह तय कर देगा कि पहले ग्रुप से दक्षिण अफ्रीका के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली दूसरी टीम कौन सी होगी। ईडन गार्डन्स में होने वाले मैच में जो भी टीम जीत दर्ज करेगी, उसका अंतिम-4 का टिकट पक्का हो जाएगा। 

Leave a comment

Khel Kood is your go-to destination for all things sports. Stay updated with the latest scores, news, and insights from cricket, football, and more.

Office

KhelKood Head Office, Sector 62, Noida, Uttar Pradesh

Newsletter

KHELKOOD © 2026. All rights reserved.