Skip to content Skip to sidebar Skip to footer

ENG vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की 4 विकेट से जीत, पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार

ENG vs NZ

ENG vs NZ Super-8 Match Report: कोलंबो में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड का मुकाबला इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने 4 विकेट से बाजी मारी और अपने जीत के सिलसिले को बरकरार रखा।

ENG vs NZ मैच में पहले खेलते हुए न्यूजीलैंड ने 159/7 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने 19.3 ओवर में 161/6 का स्कोर बनाया। इंग्लैंड की जीत के हीरो ऑलराउंडर विल जैक्स रहे और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

न्यूजीलैंड की ENG vs NZ मुकाबले में जबरदस्त शुरुआत

ENG vs NZ

ENG vs NZ मैच में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और इसे टिम साइफर्ट और फिन एलन की जोड़ी ने सही साबित किया। इन दोनों ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को शुरूआती ओवरों में कोई सफलता हाथ नहीं लगने दी और मौके मिलने पर रन भी बटोरे। साइफर्ट और एलन के बीच छठे ओवर में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हुई। इन दोनों की मदद से न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 54 रन बनाए।

पहला विकेट गिरते ही लड़खड़ाई न्यूजीलैंड की पारी

हालांकि, पावरप्ले के बाद इंग्लैंड ने वापसी की जल्दी-जल्दी तीन विकेट निकाल दिए। सबसे पहले साइफर्ट आउट हुए, जिन्होंने 25 गेंदों में 35 रनों की पारी खेली। इसके बाद, एलन भी चलते बने और उनके बल्ले से 19 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 29 रन आए। न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट रचिन रवींद्र के रूप में गिरा, जिन्होंने सिर्फ 11 रन बनाए और 97 के स्कोर पर आउट हुए।

ग्लेन फिलिप्स के अलावा न्यूजीलैंड के अन्य बल्लेबाज रहे नाकाम

ENG vs NZ

100 रनों के अंदर तीन विकेट गिरने के बावजूद, न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी क्रम को देखते हुए अच्छी वापसी की उम्मीद थी लेकिन यहां इंग्लैंड के गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया और एक के बाद एक विकेट निकाले। गिरते विकटों के बीच ग्लेन फिलिप्स ने संभलकर बल्लेबाजी की और 28 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें चार चौके और एक छक्का भी शामिल रहा। इसके अलावा मार्क चैपमैन ने 15 और कोल मैकांची ने 14 रन का योगदान दिया।

इंग्लैंड के गेंदबाजों का ENG vs NZ मुकाबले में शानदार प्रदर्शन

न्यूजीलैंड की टीम बड़ा स्कोर नहीं बना पाई, इसके लिए श्रेय इंग्लैंड के गेंदबाजों को जाता है, जिन्होंने कंजूसी से रन दिए और विकेट भी निकाले। इंग्लैंड की तरफ से आदिल रशीद, विल जैक्स और रेहान अहमद ने सबसे ज्यादा दो-दो विकेट लिए। वहीं, लियाम डॉसन को भी एक विकेट मिला।

ENG vs NZ मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड का टॉप ऑर्डर हुआ फ्लॉप

ENG vs NZ

ENG vs NZ मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और दोनों ओपनर एक बार फिर से नाकाम रहे। फिल साल्ट 2 रन बनाकर पहले ओवर में आउट हुए। वहीं, उनके जोड़ीदार जोस बटलर खाता भी नहीं खोल पाए। उम्मीद थी कि पिछले मैच के शतकवीर कप्तान हैरी ब्रूक अपना कमाल दिखाएंगे लेकिन उन्होंने काफी धीमी बल्लेबाजी की और 24 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हो गए।

इंग्लैंड के मध्यक्रम से नहीं आई बड़ी पारी

58 के स्कोर पर इंग्लैंड को चौथा झटका लगा और जैकब बेथेल भी अपनी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं तब्दील कर पाए और 16 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हो गए। पांचवें विकेट के लिए टॉम बैंटन और सैम करन ने 42 रनों की साझेदारी करते हुए स्कोर को 100 तक पहुंचाया। इसके बाद ये दोनों बल्लेबाज आउट हो गए। करन ने 22 गेंदों में 24 और बैंटन ने 24 गेंदों में 33 रनों का योगदान दिया।

ENG vs NZ मैच का टर्निंग पॉइंट बनी जैक्स और रेहान की साझेदारी

जब इंग्लैंड ने 117 के स्कोर पर छठा विकेट गंवाया तो लगा कि अब मुकाबला न्यूजीलैंड की पकड़ में हो गया है लेकिन विल जैक्स और रेहान अहमद ने ऐसा नहीं होने दिया। इन दोनों ने सातवें विकेट के लिए 16 गेंदों में 44 रनों की अविजित साझेदारी करते हुए अंतिम ओवर में अपनी टीम को ENG vs NZ मैच में जीत दिला दी। जैक्स ने 18 गेंदों में 32* और रेहान ने 7 गेंदों में 19* रन बनाए।

न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने आखिरी में की ढीली गेंदबाजी

इंग्लैंड की पारी के 18वें और 19वें ओवर में न्यूजीलैंड की तरफ से ढीली गेंदबाजी देखने को मिली, जिसके कारण दो ओवर में 38 रन आ गए और मैच हाथ से निकल गया। ये ओवर क्रमशः ग्लेन फिलिप्स और कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने डाले। न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी में सबसे सफल रचिन रवींद्र रहे, जिन्होंने तीन विकेट झटके।

न्यूजीलैंड की हार से पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल का रास्ता अभी भी खुला

अगर ENG vs NZ मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड की टीम ने जीत हासिल कर ली होती तो फिर 5 अंक के साथ सेमीफाइनल में जगह बना लेती लेकिन अब हार से उसके लिए भी मुश्किलें बढ़ गई हैं, क्योंकि अब पाकिस्तान के पास भी अंतिम 4 में जगह बनाने का मौका रहेगा। न्यूजीलैंड के 3 अंक हैं और उसका नेट रन रेट +1.390 है। वहीं, पाकिस्तान के खाते में 1 अंक हैं और उसका नेट रन रेट -0.461 है।

पाकिस्तान को अपना आखिरी सुपर-8 मुकाबला 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ खेलना है। इसमें सिर्फ जीत से सलमान आघा की टीम का काम नहीं चलेगा, पाक को कीवी टीम के अंकों की बराबरी करने के साथ ही नेट रन रेट भी बेहतर करना होगा। इसके लिए श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान को 64 रन से हराना होगा या फिर लक्ष्य का पीछा करते हुए 13.1 ओवर में जीत दर्ज करनी होगी। तभी पाकिस्तान के पास न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ने का मौका रहेगा।

Leave a comment

Khel Kood is your go-to destination for all things sports. Stay updated with the latest scores, news, and insights from cricket, football, and more.

Office

KhelKood Head Office, Sector 62, Noida, Uttar Pradesh

Newsletter

KHELKOOD © 2026. All rights reserved.