T20 World Cup 2026 में सुपर-8 राउंड का रोमांच चल रहा है। दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है लेकिन शेष दो स्थानों के लिए चार टीमों के बीच टक्कर है। अंतिम-4 की रेस में पाकिस्तान भी शामिल है और आज उसका मुकाबला श्रीलंका से पल्लेकेले में हो रहा है। इस मैच में पाकिस्तान की तरफ से कमाल की बल्लेबाजी देखने को मिली और टीम ने 212/8 का स्कोर बनाया। इस दौरान ओपनर साहिबजादा फरहान ने शतक जड़ा। अपनी इस सेंचुरी से फरहान ने एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
श्रीलंका के खिलाफ T20 World Cup 2026 में साहिबजादा फरहान का तूफानी शतक

टॉस जीतकर श्रीलंका ने पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी का मौका दिया और इसका पूरा फायदा साहिबजादा फरहान ने उठाया। फरहान ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना दूसरा शतक जड़ा। शुरुआत में फरहान ने कुछ समय लिया लेकिन एक बार जब उनकी नजरें जम गईं तो उन्होंने गेंदबाजों का हाल बेहाल करना शुरू कर दिया।
साहिबजादा फरहान ने सबसे पहले 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसके बाद वो ज्यादा आक्रामक अंदाज में नजर आए। इसी वजह से अर्धशतक को शतक में बदलने में उन्हें सिर्फ 27 गेंदें ही लगी। इस तरह उन्होंने 59 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। उनका विकेट पाकिस्तान की पारी के 20वें यानी अंतिम ओवर में गिरा लेकिन तब उन्होंने अपना काम कर दिया।
साहिबजादा फरहान ने T20 World Cup में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

श्रीलंका के खिलाफ साहिबजादा फरहान ने कई जबरदस्त रिकॉर्ड बनाए, जिसमें T20 World Cup के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का कारनामा भी शामिल है। हालांकि, उन्होंने जो वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है, वो काफी खास है। यह 29 वर्षीय ओपनर अब टूर्नामेंट के एक संस्कार में दो शतक लगाने वाला पहला बल्लेबाज बन गया है। साहिबजादा से पहले अभी तक किसी भी बल्लेबाज ने एक संस्कार में दो शतक नहीं जड़े थे लेकिन अब उन्होंने इतिहास रच दिया।
साहिबजादा फरहना ने T20 World Cup 2026 में अपना पहला शतक नामीबिया के खिलाफ 18 फरवरी को कोलंबो के मैदान में बनाया था। उस मैच में भी उनके बल्ले से 58 गेंदों में 100 रनों की नाबाद पारी आई थी।
T20 World Cup 2026 में साहिबजादा फरहान का प्रदर्शन रहा है जोरदार
पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुछ ही मैचों में अपनी बल्लेबाजी से मैच जीता है और इस दौरान सबसे अहम भूमिका साहिबजादा फरहान की रही है, जो टूर्नामेंट के मौजूदा संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। फरहान ने अभी तक 6 पारियों में 76.60 की औसत से 383 रन बनाए हैं, जो टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा रन भी हैं। फरहान ने इस दौरान दो शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं।
फखर जमान के साथ साहिबजादा फरहान ने अपनी साझेदारी से रचा इतिहास

साहिबजादा फरहान ने व्यक्तिगत रूप से कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने एक रिकॉर्ड फखर जमान के साथ मिलकर भी बनाया। ये दोनों ही खिलाड़ी श्रीलंका के खिलाफ पारी की शुरुआत करने उतरे और गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर 176 रन जोड़े। यह T20 World Cup में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। साहिबजादा-फखर की जोड़ी ने टिम साइफर्ट और फिन एलन की जोड़ी का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने मौजूदा संस्करण में ही यूएई के खिलाफ 175 रनों की अविजित साझेदारी की थी।
T20 WC में हाईएस्ट साझेदारी (किसी भी विकेट के लिए)
176 – साहिबजादा फरहान और फखर जमान (पाकिस्तान) बनाम श्रीलंका, पल्लेकले, 2026*
175* – टिम साइफर्ट और फिन एलन (न्यूजीलैंड) बनाम यूएई, चेन्नई, 2026
170* – जोस बटलर और एलेक्स हेल्स (इंग्लैंड) बनाम भारत, एडिलेड, 2022
168 – क्विंटन डी कॉक और राइली रूसो (दक्षिण अफ्रीका) बनाम बांग्लादेश, सिडनी, 2022
166 – महेला जयवर्धने और कुमार संगकारा (श्रीलंका) बनाम वेस्टइंडीज, बारबाडोस, 2010
154 – इब्राहिम जादरान और रहमानुल्लाह गुरबाज़ (अफगानिस्तान) बनाम युगांडा, प्रोविडेंस 2024

