IND vs WI: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत की जरूरत थी। मैच से पहले ज्यादातर भारतीय फैंस के मन में 2016 में खेले गए टूर्नामेंट की बुरी यादें ताजा हो रही थीं, जिसमें सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज ने भारत को हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया था।
हालांकि, इस बार भारत ने वेस्टइंडीज को मौका नहीं दिया और अपनी उस हार का बदला लेते हुए टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए IND vs WI मुकाबले में भारतीय टीम ने 5 विकेट से दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
कैसा रहा IND vs WI सुपर-8 मैच का हाल

IND vs WI मुकाबले में टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हालांकि, वेस्टइंडीज की तरफ से अच्छा बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला और टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। कैरेबियाई टीम की तरफ से किसी भी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं लगाया लेकिन कई खिलाड़ियों ने उपयोगी पारियां खेली। सबसे ज्यादा रन रोस्टन चेस के बल्ले से आए, जिन्होंने 40 रनों की पारी खेली।
196 के टारगेट का पीछा करते हुए भारत ने 19.2 ओवर में 199/5 का स्कोर बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया की जीत के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्हें खराब फॉर्म के कारण शुरूआती मैचों में नहीं खिलाया गया था। संजू ने आखिरी तक नाबाद रहते हुए कमाल की बल्लेबाजी की और नाबाद 97 रन बनाए।
IND vs WI मैच में भारत की जीत के 3 बड़े कारण
वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में भारत की शानदार जीत के बाद, हम आपको वो 3 कारण बताने जा रहे हैं, जिनकी बदौलत यह संभव हुआ।
3. IND vs WI मैच में पावरप्ले में भारत की कसी हुई गेंदबाजी

टॉस हारने के बाद, वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला और कप्तान शाई होप के साथ रोस्टन चेस बल्लेबाजी के लिए उतरे। इन दोनों ने पावरप्ले में भारत को एक भी सफलता हाथ नहीं लगने दी। ऐसे में पूरी उम्मीद थी कि कैरेबियाई बल्लेबाज धुआंधार बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर बना सकते थे लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने सिर्फ 45 रन ही दिए और वेस्टइंडीज के ओपनर्स को बांधकर रखा। यही कारण रहा कि बीच में वेस्टइंडीज के कुछ विकेट रनों की गति बढ़ाने के प्रयास में गिरे, जिसका फायदा भारत को मिला।
2. वेस्टइंडीज की IND vs WI मुकाबले में खराब फील्डिंग और बीच के ओवरों में साधारण गेंदबाजी
भारत की पारी के दौरान वेस्टइंडीज ने कुछ कैच भी ड्रॉप किए, जिसके कारण भारतीय टीम को मोमेंट अपने पक्ष में रखने का मौका मिला। कैरेबियाई टीम ने टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या के कैच ड्रॉप किए। इसके अलावा, मैदानी फील्डिंग में भी रन बचाने के मामले में ज्यादा फुर्ती नहीं दिखाई गई। वहीं, जब भारत ने पावरप्ले में दो विकेट गंवा दिए थे तो वेस्टइंडीज ने बीच के ओवरों में साधारण गेंदबाजी करते हुए साझेदारी होने दीं, जिसका खामियाजा आखिरी में मैच हारकर भुगतना पड़ा।
1. संजू सैमसन की जबरदस्त पारी

IND vs WI सुपर-8 मुकाबले में भारत की जीत का सबसे बड़ा कारण ओपनर संजू सैमसन की 97 रनों की नाबाद पारी रही, जो उन्होंने 50 गेंदों में खेली। उनकी पारी में 12 चौके और चार छक्के भी शामिल रहे। संजू ने शुरूआती ओवरों में जब तेजी से रन बटोरने की जरूरत थी, तब बड़े शॉट खेले। वहीं, जब बीच के ओवरों में साझेदारी बनानी थी, तब उन्होंने संयम दिखाया और खराब शॉट खेलकर अपना विकेट नहीं फेंका। इसके बाद, आखिरी में जब मैच भारत की मुट्ठी में आ गया तो उन्होंने चौका लगाकर मुकाबला खत्म किया।

